नांदघाट से मुंगेली तक बनेगी फोरलेन सड़क, राज्य सरकार ने 21.81 करोड़ रुपये किए मंजूर
रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने बेमेतरा जिले के नांदघाट से मुंगेली जिला मुख्यालय तक सड़क संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए टू-लेन सड़क को फोरलेन में विकसित करने के लिए 21 करोड़ 81 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से 36.40 किलोमीटर लंबी सड़क का उन्नयन किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की स्वीकृति के बाद लोक निर्माण विभाग ने मंत्रालय से प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं। परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में आवागमन को अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक बनाना है।
निर्माण गुणवत्ता पर रहेगा विशेष फोकस
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
समय-सीमा में पूरा करना होगा निर्माण कार्य
लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को निर्देशित किया है कि निविदा प्रक्रिया निर्धारित समय के भीतर पूरी की जाए और निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही परियोजना के क्रियान्वयन में मितव्ययिता और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
निर्माण एजेंसी को अनुबंधित अवधि के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिना कारण नहीं मिलेगी समय-सीमा में बढ़ोतरी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि परियोजना की समय-सीमा में अनावश्यक विस्तार स्वीकार नहीं किया जाएगा। केवल अपरिहार्य और नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियों में सक्षम अधिकारी की अनुमति से ही समय बढ़ाया जा सकेगा।
यदि निर्धारित अवधि से अधिक समय लिया जाता है तो नियमों के अनुसार अर्थदंड (Penalty) भी लगाया जाएगा।
क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति
नांदघाट-मुंगेली फोरलेन सड़क बनने से बेमेतरा और मुंगेली जिलों के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा। इससे व्यापार, परिवहन, कृषि गतिविधियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

