हाईवे पर डीजल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, फर्जी नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो से करते थे वारदात; 2 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पहले से बिलासपुर जेल में बंद
रायगढ़: रायगढ़ में हाईवे किनारे खड़े ट्रेलरों और भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का जूटमिल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को रिमांड पर भेज दिया गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी स्कॉर्पियो का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ जब 3 फरवरी 2026 को अमलीभौना स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने एनएच-49 किनारे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली थी। वाहन में सवार लोग मौके से फरार हो चुके थे।
दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से मिला चोरी का सामान
पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में वाहन की तलाशी ली। स्कॉर्पियो के अंदर से करीब 10 लीटर डीजल से भरी प्लास्टिक जरिकेन, लगभग 2 मीटर लंबा प्लास्टिक पाइप, दोनों तरफ नुकीला लोहे का सब्बल और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
जांच के दौरान पुलिस को वाहन में अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर वाली नंबर प्लेट भी मिलीं। इसके बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो और बरामद सामान को जब्त कर मामले की जांच आगे बढ़ाई।
पूछताछ में हाईवे पर डीजल चोरी का खुलासा
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को ऐसे गिरोह के बारे में जानकारी मिली, जो हाईवे पर खड़े ट्रेलरों और भारी वाहनों को निशाना बनाकर डीजल चोरी करता था। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल वाहन पर असली नंबर प्लेट हटाकर दूसरी नंबर प्लेट लगाई जाती थी, ताकि पहचान से बचा जा सके।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने सुनील कुमार केवट (30), निवासी खम्हरिया, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा और संदीप कुमार डहरिया (34), निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों को 12 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।
मुख्य आरोपी पहले से बिलासपुर जेल में बंद
पुलिस जांच में मुख्य आरोपी के रूप में पुरुषोत्तम यादव (48), निवासी ग्राम बगडबरी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ कोरबा जिले के अलग-अलग थानों में चोरी और अन्य अपराधों के पांच मामले दर्ज हैं।
वर्तमान में पुरुषोत्तम यादव थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के एक मामले में 26 जून 2026 से केंद्रीय जेल बिलासपुर में बंद है। जूटमिल पुलिस ने न्यायालय से उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति लेकर प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया है। उसे बिलासपुर जेल से रायगढ़ लाकर पूछताछ की जाएगी।
दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, गिरोह से जुड़े शिव कुमार रजक और कुलदीप साण्डे फिलहाल फरार हैं। दोनों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। पूछताछ और आगे की जांच के आधार पर हाईवे पर हुई अन्य डीजल चोरी की घटनाओं से भी इस गिरोह के संबंध सामने आने की संभावना है।
जूटमिल थाने में दर्ज है मामला
जूटमिल पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 46/2026 के तहत बीएनएस की धारा 336(3), 338, 340(2), 287 तथा 3/7 ईसी एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज किया है।
रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश के साथ-साथ चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

