Screenshot

राह चलती महिला से छेड़खानी और जान से मारने की धमकी,पुलिस ने 24 घंटे में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

रायगढ़: महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राह चलती महिला से छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चक्रधरनगर पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों को जेल दाखिल कराया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता द्वारा घटना की शिकायत पुलिस के समक्ष प्रस्तुत की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए चक्रधरनगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान उमेश प्रधान (26 वर्ष), पिता विद्याधर प्रधान, निवासी ग्राम एकताल स्कूलपारा, थाना चक्रधरनगर तथा अभिषेक गोधिया (24 वर्ष), पिता हेमलाल गोधिया, निवासी ग्राम एकताल बस्ती मंडलापारा, थाना चक्रधरनगर के रूप में की।

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर दोनों को जेल भेज दिया गया।

‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई

रायगढ़ पुलिस द्वारा महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए ‘अभियान संवेदना’ के तहत त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करना है।

चक्रधरनगर पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि महिला संबंधी अपराधों में शिकायत मिलने के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *