चौक में युवकों से मारपीट, पैसे की मांग कर डराने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
रायगढ़: जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में खरसिया क्षेत्र के तुर्रीभाठा चौक में एक युवक के साथ मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ठाकुरदिया वार्ड निवासी हरिषंकर निषाद शुक्रवार को अपने एक परिचित के घर से भोजन कर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तुर्रीभाठा चौक के पास दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग की और मना करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और लातों से हमला किया, जिससे उनकी आंख और सीने में चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने खरसिया चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। चौकी प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल सिदार उर्फ गोपालू तथा सचिन उरांव उर्फ मुंडा के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों को डराने-धमकाने, गुंडागर्दी करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

