पुलिसकर्मी बनकर महिला को फंसाया, शादी का झांसा देकर किया शोषण; अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कर करता रहा ब्लैकमेल, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़: महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने एक गंभीर मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर महिला को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अक्षय कुमार कुम्हरानी, निवासी बिलासपुर, ने स्वयं को पुलिस विभाग में कार्यरत बताकर महिला से संपर्क स्थापित किया था। उसने वर्दी पहने तस्वीरें दिखाकर महिला का विश्वास जीता और खुद को पुलिसकर्मी बताया। बाद में जांच में सामने आया कि वह पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्य कर चुका है और तस्वीरें उसी दौरान की थीं।
शादी का भरोसा देकर बनाए संबंध
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने महिला को विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ संबंध बनाए। इसी दौरान उसने महिला की जानकारी के बिना कुछ निजी फोटो और वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए। समय बीतने के साथ आरोपी का व्यवहार बदल गया और उसने इन्हीं फोटो-वीडियो के आधार पर महिला पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी निजी सामग्री
महिला ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिए। इतना ही नहीं, सामग्री हटाने और संबंध बनाए रखने के लिए वह लगातार धमकियां देता रहा। आरोपी पर जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के भी आरोप हैं।
शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस
पीड़िता की शिकायत के बाद चक्रधरनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। साक्ष्य एकत्रित करने के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
एसएसपी ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों से बनने वाले संबंधों में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। किसी भी व्यक्ति की पहचान की पुष्टि किए बिना उस पर विश्वास करना गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग, साइबर उत्पीड़न या महिला अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

