इंस्टाग्राम की ‘मिस्ट्री गर्ल’ निकला 22 साल का युवक, दोस्ती के नाम पर युवकों को बनाता था शिकार

राजनांदगांव: सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर लोगों को ठगी और ब्लैकमेलिंग का शिकार बनाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इंस्टाग्राम पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों से दोस्ती करता था और लड़की की आवाज में बातचीत कर उनका भरोसा जीतता था। इसके बाद वह विभिन्न बहानों से पैसों की मांग करता था। मांग पूरी नहीं होने पर धमकी, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर देता था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब थाना लालबाग क्षेत्र की एक युवती को फोन कर उसके पिता के सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने की झूठी सूचना दी गई। युवती द्वारा जानकारी को गलत बताए जाने पर कॉल करने वाले ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। बाद में युवती के पिता से भी फोन पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

शिकायत मिलने के बाद लालबाग थाना और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डाटा और डिजिटल ट्रैकिंग की मदद से आरोपी की पहचान की गई। जांच के दौरान उसकी लोकेशन खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विष्णुपुर में मिली।

पुलिस ने घेराबंदी कर 22 वर्षीय दीपक कुमार बघेल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और मोबाइल की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लंबे समय से सोशल मीडिया पर फर्जी महिला प्रोफाइल संचालित कर रहा था। पुलिस के अनुसार वह दोस्ती और प्रेम संबंध का झांसा देकर लोगों से आर्थिक लाभ लेने की कोशिश करता था तथा विरोध करने वालों को धमकाने और ब्लैकमेल करने का प्रयास करता था।

आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान प्रोफाइल पर आंख बंद कर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है। लोगों को ऑनलाइन दोस्ती, निजी जानकारी साझा करने और आर्थिक लेनदेन के मामलों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *