Chit Fund Fraud: फ्लोरा मैक्स ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार, 165 महिलाओं से हुई थी धोखाधड़ी
रायगढ़: जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फ्लोरा मैक्स चिटफंड धोखाधड़ी मामले के दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करीब 49.50 लाख रुपये की ठगी से जुड़े इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे कंपनी के अधिकारी श्याम सिंह राजपूत और बलराम बंजारा उर्फ बल्लू को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चैनपुर निवासी बाल कुमारी राठिया ने 5 दिसंबर 2024 को थाना धरमजयगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि फ्लोरा मैक्स कंपनी के संचालकों और अधिकारियों ने ग्रामीण महिलाओं को स्व-रोजगार, व्यवसाय और बेहतर आमदनी का सपना दिखाकर अपने जाल में फंसाया। महिलाओं को समूह बनाकर बैंकों से ऋण दिलवाया गया और उनके नाम पर दुकानें भी खुलवाई गईं।
आरोप है कि व्यवसाय और आय पर कंपनी के संचालकों ने कब्जा कर लिया तथा महिलाओं को हर माह ₹2,700 भुगतान करने का वादा भी पूरा नहीं किया गया। इस पूरे षड्यंत्र के जरिए करीब 165 ग्रामीण महिलाओं से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
मामले की जांच के दौरान धरमजयगढ़ पुलिस ने कंपनी से जुड़ी एजेंट मंजू चौहान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं कंपनी के मुख्य संचालक अखिलेश सिंह, राजू सिंह और गुड़िया देवी राजपूत अन्य धोखाधड़ी मामलों में कोरबा जिले की जेल में निरुद्ध पाए गए थे। उनकी औपचारिक गिरफ्तारी कर पुलिस न्यायालय में अभियोग पत्र भी प्रस्तुत कर चुकी है।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
धरमजयगढ़ पुलिस फरार आरोपियों की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान “ऑपरेशन क्लीन हंट” अभियान के तहत मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जांजगीर-चांपा जिले के हथनेवरा निवासी श्याम सिंह राजपूत और खरसिया क्षेत्र में छिपे बलराम बंजारा उर्फ बल्लू को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. श्याम सिंह राजपूत (50 वर्ष)
निवासी – हथनेवरा (पानी टंकी के पास), थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा
2. बलराम बंजारा उर्फ बल्लू (36 वर्ष)
निवासी – तिलडेगा (जोराडोल), थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि निवेश, रोजगार और अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे मामलों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

