जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले 9 आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़: जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुए हिंसक घटनाक्रम में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों पर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़, धमकी देने और बलवा करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बरखोरिया निवासी पुष्पा यादव (35 वर्ष) ने लैलूंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके परिवार द्वारा वर्षों से कब्जे की कृषि भूमि में इस वर्ष भी धान की बुआई की गई थी। इसी दौरान कुछ लोग विवादित भूमि पर जबरन खेती का कार्य करने पहुंचे और विवाद बढ़ गया।
शिकायत के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे कृष्णा यादव, लिंगराज यादव, जागेश्वर यादव, हलधर यादव, पूर्णचंद्र चौबे, बसंत यादव, विनेश यादव उर्फ बबलू, रघुवीर टंडन, सूरज ओगरे और संजय बरेठ एकजुट होकर खेत में पहुंचे और जबरन जोताई व धान बुआई करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से प्रार्थिया के घर में घुसकर उत्पात मचाया।
आरोप है कि आरोपियों ने घर और आंगन में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया, छप्पर में तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लैलूंगा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाए और कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त काले रंग की क्रेटा कार (क्रमांक CG-11-AN-0911) तथा मारपीट में इस्तेमाल किया गया डंडा भी जब्त किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को लेकर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसएसपी ने कहा कि भूमि विवाद या किसी भी अन्य कारण से शांति व्यवस्था भंग करने और हिंसा फैलाने वाले तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें👇
राम मंदिर ट्रस्ट पर बढ़ा दबाव! PMO ने मांगा हिसाब, जांच का हवाला देकर नहीं दी जानकारी

