मानसून को लेकर अलर्ट मोड पर जिला प्रशासन, आपदा नियंत्रण कक्ष शुरू

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही:  जिले में आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लोगों को त्वरित सहायता और राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जिला स्तर पर आपदा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।

प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, कलेक्टर कार्यालय परिसर में 1 जून 2026 से नियंत्रण कक्ष संचालित किया जाएगा। यह कक्ष मानसून के दौरान बाढ़, भारी बारिश और आपदा संबंधी सूचनाओं की निगरानी करेगा। आम नागरिक जरूरत पड़ने पर नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 07751-221004 पर संपर्क कर सकेंगे।

जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पाण्डेय को नियंत्रण कक्ष का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख दशोदा आर्मो को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा राहत और निगरानी कार्यों के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी तैनात किया गया है।

मानसून के दौरान तहसील स्तर पर हालात की निगरानी के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को बारिश, बाढ़ और संभावित नुकसान से जुड़ी जानकारी नियमित रूप से साझा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश या बाढ़ जैसी स्थिति में सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *