बस्तर के दूरदराज गांवों में बेटियों के स्वास्थ्य को लेकर बड़ा अभियान, कैंसर से बचाव के लिए लगाए गए विशेष टीके

रायपुर : छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के दूरस्थ इलाकों में किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के बिंता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एचपीवी वैक्सीनेशन कैंप आयोजित किया गया, जहां 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को कैंसर से बचाव के लिए टीके लगाए गए।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यह अभियान बेटियों को भविष्य में होने वाले गंभीर रोगों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अभिभावकों को भी जागरूक किया और वैक्सीन से जुड़े भ्रम दूर किए।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर टीकाकरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि समय पर लगाया गया एचपीवी टीका महिलाओं में होने वाले कई गंभीर कैंसर के खतरे को कम करने में मददगार साबित हो सकता है।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम, मितानिनों और स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और बेटियों को सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में इस पहल को अहम कदम माना जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण जरूर करवाएं, ताकि उन्हें गंभीर बीमारियों से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *