छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज, कहीं राहत की बारिश तो कहीं आफत बनकर गिरी बिजली
रायपुर : छत्तीसगढ़ में नौतपा की तेज गर्मी के बीच गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश से लोगों को राहत मिली, लेकिन गरियाबंद जिले में खराब मौसम एक परिवार के लिए दुखद खबर लेकर आया। यहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र स्थित माहुलकोट गांव में रहने वाला युवक मौसम खराब होने के दौरान पेड़ के पास मौजूद था। इसी बीच तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन सदमे में हैं।
दूसरी तरफ बस्तर संभाग में मौसम बदलने से लोगों ने राहत की सांस ली। पिछले कई दिनों से तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा था। तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, जिससे लोग परेशान थे। गुरुवार शाम अचानक आसमान में बादल छाए और कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई।
जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा के साथ हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। कई जगहों पर लोग घरों से बाहर निकलकर ठंडे मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए।
मनेन्द्रगढ़ इलाके में भी आंधी और बारिश का असर देखने को मिला। दिनभर गर्मी से परेशान लोग शाम होते ही बदले मौसम से राहत महसूस करते नजर आए। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कुछ हिस्सों में गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
विशेषज्ञों ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खुले मैदान, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

