दूरस्थ गांवों में सुधरी पेयजल व्यवस्था, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से कई बंद सोलर पंप हुए चालू
सूरजपुर : जिले के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में लंबे समय से प्रभावित पेयजल व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया गया है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर विभिन्न गांवों में बंद पड़े सोलर पेयजल पंपों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा चालू किया गया है, वहीं जरूरत वाले स्थानों पर नए मोटर पंप भी स्थापित किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार ओड़गी विकासखंड के कई गांवों में तकनीकी खराबी के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए करौटी-ए, कोलुहा भाटपारा और बैजानपाठ में नए मोटर पंप स्थापित कर पेयजल योजनाओं को पुनर्जीवित किया है।
इसी तरह भैयाथान और सूरजपुर विकासखंड के विभिन्न बस्तियों में खराब पड़े सोलर पंपों की मरम्मत कर जल आपूर्ति बहाल की गई है। चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र के भाटपारा गांव में भी नया मोटर पंप लगाए जाने के बाद ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिली है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पेयजल योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
ग्रामीणों ने पेयजल व्यवस्था में सुधार पर खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना नहीं पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस पहल से महिलाओं और बच्चों को विशेष राहत मिली है तथा दैनिक जीवन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हुआ है।

