शादी का झांसा देकर नाबालिग का शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार, अश्लील वीडियो वायरल करने की देता था धमकी
रायगढ़: महिला एवं बालिकाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्ती बरतते हुए रायगढ़ पुलिस ने “अभियान संवेदना” के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी युवक का परिवार से परिचय था और वह अक्सर घर आता-जाता था। इसी दौरान उसने नाबालिग को बालिग होने पर विवाह करने का भरोसा दिलाया और विश्वास में लेकर उसका शोषण किया।
शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए थे। बाद में इन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर वह लगातार दबाव बनाता रहा। घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिवार ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। जांच के दौरान आरोपी विकास नामदेव (25 वर्ष) निवासी ढिमरापुर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर विधिवत गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान संवेदना के तहत जिले में महिला अपराधों के विरुद्ध लगातार निगरानी और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

