6 साल तक शादी का भरोसा देकर बनाता रहा संबंध, दूसरी महिला से कथित शादी के बाद आरोपी हिरासत में

रायगढ़ : रायगढ़ पुलिस के विशेष अभियान ‘अभियान संवेदना’ के तहत एक ऐसे मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है, जिसमें एक युवक पर शादी का वादा कर युवती से लंबे समय तक संबंध बनाने और बाद में दूसरी महिला से कथित विवाह करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला तब चर्चा में आया जब खरसिया क्षेत्र की एक महिला सुरक्षा की मांग लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। महिला ने दावा किया कि उसने हाल ही में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी सलीम नामक युवक के साथ मंदिर में विवाह किया है, जिसके बाद पारिवारिक विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

इसी प्रकरण में अगले दिन एक अन्य युवती भी एसपी कार्यालय पहुंची और सलीम के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। युवती का कहना है कि कोरोना काल के दौरान उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उससे संबंध बनाए और कई वर्षों तक विवाह का आश्वासन देता रहा।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, बाद में उसे पता चला कि आरोपी दूसरी महिला के संपर्क में है और उससे भी विवाह की बात कर रहा है। कुछ समय बाद आरोपी द्वारा दूसरी महिला के साथ कथित विवाह किए जाने की जानकारी मिलने पर युवती ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल जांच शुरू की गई। प्रारंभिक शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर खरसिया पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई उनकी प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *