मुख्यमंत्री 5 जुलाई को करेंगे डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण, रायपुर को मिलेगा आधुनिक व्यापारिक केंद्र
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में व्यापारिक सुविधाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 का नामकरण एवं लोकार्पण 5 जुलाई 2026 (रविवार) को किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
समारोह की अध्यक्षता प्रदेश के वित्त, आवास एवं पर्यावरण, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी करेंगे। कार्यक्रम शाम 5 बजे आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी और नागरिक मौजूद रहेंगे।
राज्य सरकार का उद्देश्य राजधानी रायपुर में आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना विकसित कर व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और थोक व्यापार को व्यवस्थित स्वरूप देना है। डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना मानी जा रही है, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
समारोह में मंत्री श्री केदार कश्यप, मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब और रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, रायपुर महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी।
राज्य सरकार का मानना है कि नई व्यापारिक अधोसंरचना विकसित होने से कारोबारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, व्यापार का विस्तार होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

