मोबाइल विवाद बना मौत की वजह: पत्नी की हत्या कर शव छिपाया, 48 घंटे में पति गिरफ्तार
रायगढ़: रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मस्जिदपारा में झाड़ियों के बीच बोरी से ढका मिला महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया कि मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने लकड़ी के पट्टे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।
झाड़ियों में मिला था महिला का शव
मस्जिदपारा क्षेत्र में महिला का शव झाड़ियों के बीच बोरी से ढका हुआ मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर संदेह मृतका के पति पर गया।
मोबाइल फोन को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी मोहब्बत चौहान ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसकी पत्नी ने उसका की-पैड मोबाइल किसी व्यक्ति के यहां गिरवी रख दिया था।
12 जुलाई की रात जब उसने मोबाइल के बारे में पूछा तो पत्नी संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपी ने लकड़ी के चौड़े पट्टे से पत्नी पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का पट्टा बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का चौड़ा पट्टा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहब्बत चौहान (47 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम डगभौना, थाना कापू का निवासी है और वर्तमान में मस्जिदपारा, वार्ड क्रमांक 6, धरमजयगढ़ में रह रहा था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में अपने ससुर की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है।
48 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला
धरमजयगढ़ पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और त्वरित कार्रवाई के आधार पर हत्या की गुत्थी केवल 48 घंटे के भीतर सुलझा ली। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

