इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर नाबालिग को ले गया युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायगढ़: महिलाओं और बच्चों से जुड़े संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने लंबे समय से गुम 17 वर्षीय बालिका को सकुशल दस्तयाब किया है। मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

25 जनवरी 2025 को घर से निकली थी बालिका

पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2025 को बालिका के परिजन ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय बेटी 25 जनवरी 2025 को घर से बिना बताए चली गई है। परिजनों और रिश्तेदारों के स्तर पर तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।

रिपोर्ट के आधार पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 109/2025, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

Instagram के जरिए हुई थी युवक से पहचान

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बालिका की पहचान Instagram के माध्यम से दिलेश्वर चौहान नामक युवक से हुई थी। दोनों के बीच काफी समय तक सोशल मीडिया पर बातचीत होती रही।

पुलिस के मुताबिक, बालिका ने अपने बयान में बताया कि 25 जनवरी 2025 को युवक ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। इसके बाद वह रायगढ़ के केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड पहुंची, जहां युवक मिला। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ ले लिया।

रायगढ़ से बिहार, ओडिशा और फिर सारंगढ़ पहुंची

पुलिस के अनुसार, युवक बालिका को बस से बिहार ले गया, जहां उसके माता-पिता ईंट भट्ठे में काम करते थे। वहां कुछ समय रहने के बाद दोनों वापस सारंगढ़ क्षेत्र आए।

इसके बाद युवक मजदूरी के लिए ओडिशा गया और बालिका भी उसके साथ रहने लगी। बाद में दोनों युवक के गांव में वापस आकर रहने लगे।

29 अगस्त को पुलिस ने किया सकुशल दस्तयाब

लगातार जांच और तलाश के बाद चक्रधरनगर पुलिस ने 29 अगस्त 2026 को बालिका को जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ से सकुशल दस्तयाब किया। प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा ध्रुव के हमराह पुलिस टीम बालिका को सुरक्षित रायगढ़ लेकर पहुंची।

बालिका के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 87, 65(1) बीएनएस तथा धारा 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी।

आरोपी युवक न्यायिक रिमांड पर

मामले में आरोपी दिलेश्वर चौहान, निवासी थाना कोसीर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस की यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अभियान संवेदना के तहत की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *