गैस सिलेंडर को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने एजेंसियों को दिए सख्त निर्देश

महासमुंद : जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले की सभी गैस एजेंसियों और खाद्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर स्थिति की समीक्षा की।

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस एजेंसियां उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराएं। यदि किसी एजेंसी द्वारा डिलीवरी दिखाकर समय पर गैस नहीं पहुंचाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को गैस एजेंसियों के गोदामों में मौजूद स्टॉक का नियमित निरीक्षण करने और ऑनलाइन रिकॉर्ड से उसका मिलान करने के निर्देश भी दिए।

प्रशासन के अनुसार जिले में फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। खाद्य विभाग ने जानकारी दी कि वर्तमान में जिले में करीब 3748 सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि गुरुवार को 2222 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। जिले में कुल 18 गैस एजेंसियां संचालित हो रही हैं।

बैठक में मौजूद गैस एजेंसी संचालकों ने बताया कि सप्लाई प्लांट से सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार नियमित डिलीवरी दी जा रही है।

कलेक्टर ने एजेंसियों को स्टॉक रिकॉर्ड नियमित अपडेट रखने और विभाग को जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर जमा न करें।

बैठक में अपर कलेक्टर रवि साहू, प्रभारी खाद्य अधिकारी तेजपाल सिंह ध्रुव, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा सहित जिले के गैस वितरक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *