एनएसएस स्वयंसेवकों ने पण्डो बस्ती का किया सर्वे, जनजातीय परिवारों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने की पहल

सूरजपुर : विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन स्तर को समझने और उनकी मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में शासकीय नवीन महाविद्यालय, चांदनी बिहारपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए पण्डो बस्ती क्षेत्र के कोलसो पारा और चौका पारा में पहुंचकर स्वयंसेवकों ने जनजातीय परिवारों के बीच विस्तृत सामाजिक सर्वेक्षण किया।

यह अभियान प्रभारी प्राचार्य रंजीत कुमार सातपुते के मार्गदर्शन तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र कुमार जायसवाल के निर्देशन में संचालित किया गया। सर्वेक्षण के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी दैनिक जरूरतों, सामाजिक परिस्थितियों और विकास से जुड़ी चुनौतियों की जानकारी जुटाई।

ग्रामीणों ने पेयजल की कमी, सड़क संपर्क के अभाव, बच्चों की शिक्षा में आ रही बाधाओं और वृद्धा पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाने जैसी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। इसके अलावा क्षेत्र में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को भी सामाजिक चिंता का विषय बताया गया।

एनएसएस टीम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सर्वेक्षण में सामने आए मुद्दों को संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि समाधान की दिशा में आवश्यक पहल हो सके। महाविद्यालय प्रबंधन ने भी जनजातीय समुदायों के शैक्षणिक और सामाजिक विकास के लिए लगातार सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के संवाद और सर्वेक्षण से उनकी समस्याएं शासन-प्रशासन तक पहुंचने की संभावना बढ़ती है। वहीं महाविद्यालय की यह पहल शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का भी एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *