रायगढ़ में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, ब्रांडेड बोतलों में भरकर बेची जा रही थी अवैध शराब

रायगढ़: रायगढ़ जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस और आबकारी विभाग ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली शराब के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। ग्राम धनागर में की गई छापेमार कार्रवाई के दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में नकली शराब, पैकेजिंग सामग्री और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सामान जब्त किए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से प्रसिद्ध शराब ब्रांडों के नाम और पैकेजिंग का दुरुपयोग कर नकली शराब तैयार कर बाजार में खपा रहे थे। कार्रवाई के दौरान करीब 869 नग नकली शराब और लगभग 240 लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 16 हजार रुपये बताई जा रही है।

ब्रांडेड शराब के नाम पर चल रहा था खेल

जांच में पता चला है कि रॉयल स्टेज, आईबी, ब्लैक डॉग, गोवा, रिजर्व क्वार्टर और किंगफिशर जैसे चर्चित ब्रांडों की बोतलों, लेबल और पैकिंग सामग्री का उपयोग कर नकली उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। इससे उपभोक्ताओं की सेहत के साथ-साथ सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा था।

कोरोना काल से सक्रिय था नेटवर्क

जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह अवैध कारोबार कोरोना काल से संचालित हो रहा था। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नेटवर्क से जुड़े दो अन्य संदिग्ध फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पूरे नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली शराब का निर्माण किन स्रोतों से हो रहा था और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों तक की जा रही थी। मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नकली शराब के इस नेटवर्क से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *