ऑपरेशन अंकुश: रायगढ़-कोरबा बॉर्डर पर जुए के 5 फड़ पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 33 जुआरी गिरफ्तार
रायगढ़: रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत छाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़-कोरबा सीमा से लगे ग्राम धसकामुड़ा में संचालित जुए के पांच फड़ों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 33 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया और मौके से करीब 90 लाख रुपये मूल्य के सात चारपहिया वाहन, 57,140 रुपये नकद, पांच गैस लाइट तथा जुए में इस्तेमाल होने वाली खुडखुडिया सामग्री जब्त की।
मुखबिर की सूचना पर हुई योजनाबद्ध कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि धसकामुड़ा के मेला स्थल के बाहर बड़ी संख्या में लोग खुडखुडिया जुआ खेल रहे हैं। सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नासिर खान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर जुए के पांच अलग-अलग फड़ों पर एक साथ दबिश दी, जहां से 33 लोगों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
7 कारें और जुए का सामान जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुआ खेलने पहुंचे एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक किआ और एक ऑल्टो कार जब्त की। इन वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा जुआ फड़ से 57,140 रुपये नकद, पांच गैस लाइट और जुए में प्रयुक्त खुडखुडिया सामग्री भी जब्त की गई।
आरोपी कई क्षेत्रों से पहुंचे थे
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के निवासी हैं। सभी धसकामुड़ा गांव के बाहरी हिस्से में एकत्र होकर बड़े पैमाने पर खुडखुडिया जुआ खेल रहे थे।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
छाल पुलिस ने सभी 33 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत अलग-अलग पांच प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगी कार्रवाई
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

