ऑपरेशन क्लीन हंट: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा, फरार आरोपी आकाश पंसारी गिरफ्तार
रायगढ़ : ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और उससे जुड़े आर्थिक अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी आकाश पंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में सक्रिय ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत साइबर थाना रायगढ़ की टीम ने सक्ती निवासी आकाश पंसारी को गिरफ्तार किया, जो कथित तौर पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट और उससे जुड़े वित्तीय नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
पुलिस जांच में आरोपी के तार सट्टा कारोबार से जुड़े एक बड़े नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं। जांच एजेंसियां डिजिटल रिकॉर्ड, चैट हिस्ट्री, बैंकिंग लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से एक आईफोन और एक वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। इन उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जिससे नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऑनलाइन सट्टेबाजी, हवाला लेनदेन और आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों और फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध ऑनलाइन सट्टा और आर्थिक अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

