एनएच-53 पर युवक से लूट का मामला 24 घंटे में सुलझा, एक नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़: रायगढ़ जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुसौर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर युवक से लूटपाट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना पुसौर पुलिस ने यह कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पीछे से टक्कर मारकर की थी लूट
पुलिस के अनुसार ग्राम तेतला निवासी कमल प्रसाद जांगड़े ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई की रात वह रायगढ़ से अपने घर लौट रहा था। रात करीब 10:20 बजे लोहरसिंह पेट्रोल पंप के आगे मां मंगला नर्सिंग कॉलेज के पास एनएच-53 पर बिना नंबर की नीले रंग की स्कूटी में सवार तीन युवकों ने उसकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी।
सड़क पर गिरने के बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए उसका बैग और पर्स लूट लिया। बैग में ₹2,500 नकद, रियलमी पी2 प्रो मोबाइल, चार एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी रखे हुए थे। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान चाणक्य शर्मा उर्फ दिलीप शर्मा (33 वर्ष), चन्द्रभानू साव (26 वर्ष) तथा 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक के रूप में की।
हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर तीनों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली।
मोबाइल, नकदी और दस्तावेज बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा एक्टिवा स्कूटी, लूटा गया रियलमी पी2 प्रो मोबाइल, ₹1,600 नकद तथा पीड़ित के आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और चार एटीएम कार्ड बरामद किए।
तहसीलदार पुसौर की उपस्थिति में कराई गई पहचान परेड में पीड़ित ने तीनों आरोपियों की पहचान की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में लूट, चोरी और अन्य संगीन अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा आम नागरिकों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

