रायगढ़ प्रयास विद्यालय में 11वीं के लेटरल प्रवेश शुरू, 54 सीटों पर मिलेगा दाखिला; JEE-NEET की निःशुल्क तैयारी का सुनहरा मौका

रायगढ़: मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के तहत संचालित शासकीय प्रयास आवासीय विद्यालय, रायगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11वीं में लेटरल प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यालय प्रशासन ने इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस वर्ष कुल 54 रिक्त सीटों पर प्रवेश लेटरल प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दिया जाएगा, जबकि अंतिम चयन मेरिट सूची के आधार पर होगा।

प्रयास आवासीय विद्यालय राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी आवासीय शिक्षा योजना है, जहां आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी कराई जाती है। यहां विद्यार्थियों को निःशुल्क आवास, भोजन, गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, अध्ययन सामग्री, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

JEE और NEET की विशेष कोचिंग

विद्यालय की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं JEE और NEET की विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विशेष तैयारी कराई जाती है। अनुभवी फैकल्टी के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं को इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाता है, जिससे वे देश के शीर्ष शिक्षण संस्थानों में प्रवेश हासिल कर सकें।

कौन कर सकता है आवेदन?

लेटरल प्रवेश के लिए रायगढ़ जिले के पांच आदिवासी विकासखंडों के विद्यालयों से कक्षा 10वीं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा रायगढ़ विकासखंड के गोपालपुर माड़ा क्षेत्र के प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थी भी पात्र होंगे। वहीं छत्तीसगढ़ के सभी आदिवासी विकासखंडों के पात्र छात्र-छात्राएं भी शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार आवेदन करने के लिए योग्य हैं।

ऑनलाइन आवेदन और हेल्पलाइन

इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन से पहले पात्रता एवं दिशा-निर्देशों की जानकारी विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी https://prayasraigarh.in पर उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए 62682-46268 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

विद्यालय प्रशासन ने जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, स्कूल प्राचार्यों, शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के अधिक से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को इस अवसर की जानकारी दें, ताकि प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का लाभ उठा सकें।

गौरतलब है कि वर्तमान में प्रदेश के 18 प्रयास आवासीय विद्यालयों में हजारों विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग एवं मेडिकल संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *