नशे के कारोबार पर रायगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार, गांजा और नशीले इंजेक्शन के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़: रायगढ़ पुलिस ने जिले में बढ़ते नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा और नशीले इंजेक्शन की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस कार्रवाई के दौरान बीड़पारा इलाके से छह किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से नशे का कारोबार चला रहे थे। पुलिस ने मौके से गांजे के पैकेट जब्त कर आरोपियों को हिरासत में लिया।

इसी अभियान के तहत रामलीला मैदान के पास भी पुलिस ने कार्रवाई की, जहां युवाओं और नाबालिगों तक नशीले इंजेक्शन पहुंचाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो युवकों को मौके से पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से बुट्रम इंजेक्शन, सिरिंज, नकदी और बाइक बरामद की गई।

पूछताछ में पुलिस को पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिली, जिसके बाद मुख्य सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, बीएनएस और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

रायगढ़ पुलिस ने साफ कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और युवाओं को नशे की ओर धकेलने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। हाल की कार्रवाई के बाद शहर में अवैध नशा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *