IPL फाइनल पर लग रहा था ऑनलाइन सट्टा, रायगढ़ पुलिस ने 32 लाख रुपये के साथ सिंडिकेट का किया भंडाफोड़

रायगढ़/खरसिया: आईपीएल फाइनल मैच पर चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। संयुक्त छापेमारी में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने मौके से करीब 32 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और नोट गिनने की मशीन जब्त की है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया क्षेत्र में आईपीएल फाइनल मुकाबले के दौरान बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित की जा रही है। सूचना के आधार पर साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने गंज बाजार इलाके में दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के संचालन से जुड़े कई अहम खुलासे किए। जांच में सामने आया कि यह काम अकेले नहीं बल्कि एक संगठित नेटवर्क के जरिए संचालित किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के मोबाइल फोन से ऑनलाइन सट्टेबाजी से संबंधित तकनीकी साक्ष्य और आईडी बरामद हुई हैं। पूछताछ में रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के नाम भी सामने आए हैं, जिन्हें मामले में आरोपी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि सट्टे से प्राप्त रकम को अलग-अलग माध्यमों से खपाया जाता था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और नोट गिनने की मशीन जब्त की है। बरामद रकम को सट्टा कारोबार से जुड़ा माना जा रहा है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध जुए के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूरी खबरें