अपराध नियंत्रण पर सख्त हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह, लंबित मामलों के जल्द निराकरण और विशेष अभियान पर जोर
रायगढ़ : जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी सहित प्रशिक्षणरत उप निरीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसएसपी ने पिछले माह दर्ज हुए अपराधों, गंभीर मामलों की विवेचना और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
अपराध नियंत्रण को लेकर एसएसपी ने बाइक चोरी, संपत्ति संबंधी अपराधों और फरार आरोपियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सक्रिय निगरानी और लगातार कार्रवाई के माध्यम से अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
बैठक में अवैध शराब, जुआ-सट्टा, वेश्यावृत्ति और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही माइनर एक्ट के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई कर अपराधों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को संबोधित करते हुए एसएसपी ने उन्हें व्यवहारिक पुलिसिंग, विवेचना कौशल और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार की सीख दी। उन्होंने कहा कि एक सक्षम पुलिस अधिकारी बनने के लिए कानून की जानकारी के साथ-साथ जमीनी अनुभव भी बेहद आवश्यक है।
बैठक के अंत में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग का आधार केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि जवाबदेही, सतत निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया है। उन्होंने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

