राजनांदगांव में सोलर क्रांति: हजारों घरों में लगे रूफटॉप प्लांट, कई परिवारों का बिजली बिल हुआ शून्य

राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव संभाग में “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” का असर तेजी से दिखाई देने लगा है। जिले समेत आसपास के क्षेत्रों में हजारों परिवार अब सौर ऊर्जा की मदद से अपनी बिजली जरूरतें पूरी कर रहे हैं। इससे लोगों के बिजली खर्च में बड़ी कमी आई है और कई घरों का मासिक बिजली बिल लगभग शून्य तक पहुंच गया है।

बिजली वितरण कंपनी के अधिकारियों के अनुसार राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में अब तक करीब 3500 रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं। योजना के तहत उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ भी तेजी से दिया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक 2400 से ज्यादा उपभोक्ताओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से सीधे सब्सिडी राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। विभाग का दावा है कि नेट मीटरिंग प्रक्रिया पूरी होते ही लोगों को आर्थिक सहायता का लाभ मिलने लगा है।

अधिकारियों ने पंजीकृत वेंडरों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जिन घरों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां समय सीमा के भीतर सोलर प्लांट लगाने का काम पूरा किया जाए। इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार 1 से 3 किलोवाट तक के सोलर प्लांट हर महीने अच्छी मात्रा में बिजली उत्पादन कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को लंबे समय तक राहत मिल सकती है। योजना के लिए बैंक लोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें।

सरकार की ओर से विभिन्न क्षमता के सोलर प्लांट पर केंद्र और राज्य दोनों स्तर पर सब्सिडी दी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे स्वच्छ ऊर्जा और बिजली बचत के लिए इस योजना से जुड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *