अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सागौन से भरी पिकअप और बाइक जब्त; चार आरोपियों पर केस दर्ज

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। बिलासपुर जिले के कोटा परियोजना मंडल में वन अमले ने कार्रवाई करते हुए सागौन की लकड़ी का अवैध परिवहन कर रहे एक पिकअप वाहन और एक मोटरसाइकिल को जब्त किया है। मामले में चार लोगों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है।

गश्त के दौरान पकड़ा गया अवैध परिवहन

वन विभाग के अनुसार, भैंसाझार परिक्षेत्र के कलमीटार बीट में नियमित गश्त के दौरान जोगीपुर-रतनपुर मार्ग पर एक महिंद्रा पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई। जांच में वाहन से सागौन के 11 लट्ठे बरामद हुए, जिनका परिवहन बिना वैध अनुमति के किया जा रहा था।

वन अमले ने मौके से करीब 1.138 घन मीटर सागौन की लकड़ी जब्त कर ली।

पिकअप और बाइक दोनों जब्त

कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने महिंद्रा पिकअप (CG-10-CA-5582) और लीवो (होंडा) मोटरसाइकिल (CG-28-E-3192) को भी जब्त कर अभिरक्षा में ले लिया।

मामले में नीलकुमार घृतलहरे, ललित साहू, लालसिंह और दुर्गेश पाली के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है।

वन क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी

वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम द्वारा प्रदेशभर में अवैध कटाई, अतिक्रमण और लकड़ी के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।

वन विभाग का कहना है कि नियमित जांच और त्वरित कार्रवाई से वन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई क्षेत्रीय महाप्रबंधक अभिषेक सिंह और मंडल प्रबंधक सत्यदेव शर्मा के मार्गदर्शन में परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी वैभव साहू के नेतृत्व में की गई। अभियान में सहायक परियोजना क्षेत्रपाल, क्षेत्ररक्षक और वन सुरक्षा दल के कर्मचारियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वन अपराधियों पर आगे भी रहेगी सख्ती

छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के प्रबंध संचालक प्रेम कुमार ने कार्रवाई में शामिल टीम की सराहना करते हुए कहा कि वन संपदा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी परियोजना मंडलों को नियमित और रात्रिकालीन गश्त जारी रखने तथा अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *