राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद सुप्रीम कोर्ट को मिले पांच नए न्यायाधीश, चार मुख्य न्यायाधीश और एक वरिष्ठ अधिवक्ता शामिल

नई दिल्ली : देश की न्यायपालिका में एक महत्वपूर्ण नियुक्ति प्रक्रिया के तहत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सर्वोच्च न्यायालय के लिए पांच नए न्यायाधीशों की नियुक्ति को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस संबंध में जारी अधिसूचना के अनुसार चार उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों और एक वरिष्ठ अधिवक्ता को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

संविधान के अनुच्छेद 124(2) के तहत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए राष्ट्रपति ने यह नियुक्तियां की हैं। नियुक्त किए गए न्यायाधीशों में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति शील नागू, बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा तथा जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण पल्ली शामिल हैं।

इसके अलावा वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीमती वेंकिता सुब्रमणि मोहना को भी सर्वोच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। न्यायपालिका के उच्चतम स्तर पर उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अधिसूचना के अनुसार सभी नियुक्तियां संबंधित न्यायाधीशों द्वारा पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगी। इन नियुक्तियों के बाद सर्वोच्च न्यायालय की न्यायिक क्षमता और अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *