मन की बात’ में छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और विरासत का उल्लेख, मुख्यमंत्री साय ने जताया गर्व
रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड में छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रसन्नता व्यक्त की है। रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में कार्यक्रम सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जशपुर जिले के युवा धावक अनिमेष कुजूर का उल्लेख किया जाना प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक संदेश है। सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों की सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा अवसर मिलने पर किसी भी मंच तक पहुंच सकती है।
उन्होंने कहा कि अनिमेष कुजूर ने हाल ही में 100 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है और राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए क्वालीफाई कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह पैदा करेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ में खेलों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक धरोहरों को भी राष्ट्रीय मंच मिला। प्रधानमंत्री ने बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक मल्हार क्षेत्र में मिली प्राचीन ताम्र-पट्टिकाओं का उल्लेख किया, जिन्हें क्षेत्र के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसी ऐतिहासिक खोजें केवल पुरातात्विक महत्व नहीं रखतीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का कार्य भी करती हैं। राज्य सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का ‘मन की बात’ एपिसोड यह दर्शाता है कि नया भारत अपनी युवा प्रतिभाओं, खेल उपलब्धियों, संस्कृति और इतिहास को समान महत्व देते हुए आगे बढ़ रहा है। एक ओर प्रदेश का युवा खिलाड़ी देश को नई पहचान दिला रहा है तो दूसरी ओर छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक धरोहरें भारत के गौरवशाली अतीत की कहानी दुनिया के सामने रख रही हैं।

