बाबा महाकाल के दरबार में उमड़ी आस्था, तड़के सुबह से दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें

उज्जैन : धर्मनगरी उज्जैन में मंगलवार सुबह एक बार फिर शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में तड़के भस्म आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर सुबह से ही “हर-हर महादेव” और “जय श्री महाकाल” के जयघोष से गूंजता रहा।

देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। सुबह के समय मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई श्रद्धालु भस्म आरती में शामिल होने के लिए देर रात से ही मंदिर पहुंच गए थे।

मंदिर प्रशासन के अनुसार इन दिनों श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। आगामी सावन माह को देखते हुए दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही है

श्रद्धालुओं का कहना है कि महाकाल मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना से उन्हें आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। यही वजह है कि प्रतिदिन हजारों की संख्या में भक्त बाबा महाकाल के दरबार में पहुंच रहे हैं।

धार्मिक मान्यता के अनुसार महाकालेश्वर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक हैं और यहां दर्शन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। सावन से पहले बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए उज्जैन में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *