हादसे के बाद जागा निगम, शहरभर के होर्डिंग्स की जांच शुरू, कई एजेंसियों को नोटिस जारी
रायगढ़ : शहर में हाल के दिनों में आए तेज अंधड़ और होर्डिंग गिरने की घटनाओं के बाद नगर निगम ने बड़े विज्ञापन बोर्डों की सुरक्षा को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। निगम प्रशासन ने शहर की कई विज्ञापन एजेंसियों को नोटिस जारी कर होर्डिंग्स की जांच कराने और उनकी सुरक्षा रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों सुभाष चौक क्षेत्र में एक पुराने भवन पर लगा विशाल होर्डिंग तेज हवा के दौरान गिर गया था। हादसे में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घटना के बाद शहर में लगे बड़े-बड़े विज्ञापन बोर्डों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे थे।
नगर निगम द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि वर्षा और आंधी-तूफान के मौसम में पुराने होर्डिंग्स के गिरने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सभी एजेंसियां अपने विज्ञापन बोर्डों और उनके स्ट्रक्चर की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराएं।
निगम ने दो वर्ष से अधिक पुराने होर्डिंग्स के लिए पंजीकृत इंजीनियर से संरचनात्मक स्थिरता प्रमाण पत्र (Structural Stability Certificate) प्राप्त कर सात दिनों के भीतर जमा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नट-बोल्ट, सपोर्ट स्ट्रक्चर और अन्य तकनीकी खामियों को तत्काल दूर करने को कहा गया है।
शहर में एएसए रायपुर, एएए रायगढ़, सिटी एडवरटाइजर्स सहित कई एजेंसियों को नोटिस जारी किए गए हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वालों पर आगे कार्रवाई भी की जा सकती है।
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच अब लोगों की निगाह इस बात पर टिकी है कि नोटिस के बाद निगम केवल कागजी कार्रवाई करता है या फिर शहर में जोखिम बने जर्जर होर्डिंग्स पर वास्तविक कार्रवाई भी होती है।

