राजौरी में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान शहीद हुए सेना के युवा अधिकारी, गहरी खाई में गिरने से गई जान
राजौरी/जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट रेंक के एक युवा अधिकारी बेरेस्वर गोस्वामी शहीद हो गए। सैन्य सूत्रों के अनुसार, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में ऑपरेशन के दौरान अधिकारी का पैर फिसल गया, जिससे वे गहरी खाई में जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बताया जा रहा है कि सेना की टीम राजौरी के संवेदनशील इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान लेफ्टिनेंट रैंक के अधिकारी कठिन पहाड़ी रास्ते से गुजर रहे थे, तभी संतुलन बिगड़ने से वे लगभग 30 मीटर गहरी खाई में गिर गए। घटना के तुरंत बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा और उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
सेना ने शहीद अधिकारी के पार्थिव शरीर को बरामद कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। सैन्य अधिकारियों ने उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश उनकी सेवा और बलिदान को हमेशा याद रखेगा।
घटना के बाद पूरे सैन्य प्रतिष्ठान में शोक की लहर है। शहीद अधिकारी के परिवार को सूचना दे दी गई है और सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई की तैयारियां की जा रही हैं।
भारत माता की रक्षा करते हुए कर्तव्य निभाने वाले इस वीर अधिकारी का बलिदान देश के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
इसे भी पढ़ें👇
चौक में युवकों से मारपीट , पैसे की मांग कर डराने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
6 साल तक शादी का भरोसा देकर बनाता रहा संबंध, दूसरी महिला से कथित शादी के बाद आरोपी हिरासत में

