धमतरी में चंद्रनाहू (चंद्राकर) कुर्मी-क्षत्रिय समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी, शिक्षा और नेतृत्व को बताया समाज की प्रगति का आधार
धमतरी: छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी शनिवार को धमतरी जिले के ग्राम छाती में आयोजित चंद्रनाहू (चंद्राकर) कुर्मी-क्षत्रिय समाज के सामाजिक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के विकास, युवाओं की भूमिका और राष्ट्र निर्माण में सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक ताकत उसकी शिक्षा, संगठनात्मक क्षमता, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता में निहित होती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आधुनिक शिक्षा, नवाचार और नेतृत्व कौशल को अपनाकर समाज और प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान दें।
वित्त मंत्री ने कहा कि भारत आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक समाज और समुदाय की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वह राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभाए और नई पीढ़ी को बेहतर दिशा प्रदान करे।
उन्होंने समाज की ऐतिहासिक परंपराओं, सामाजिक योगदान और सांस्कृतिक मूल्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को संस्कारवान, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि समाज अपने युवाओं को सही मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करता है तो विकास की नई संभावनाएं स्वतः निर्मित होती हैं।
कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिला प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता रही। आयोजन के दौरान सामाजिक एकता, शिक्षा और समाज उत्थान के विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित समाजजनों ने समाज की प्रगति और राष्ट्र की उन्नति के लिए सामूहिक संकल्प लिया। इस दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल रहा और “राजा रामचंद्र की जय” तथा “छत्रपति शिवाजी महाराज की जय” के उद्घोष गूंजते रहे।
इसे भी पढ़ें👇

