नकली शराब गिरोह पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा, फरार आरोपी सुभाष पटेल फार्म हाउस से गिरफ्तार
रायगढ़: रायगढ़ जिले में नकली शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। हाल ही में उजागर हुए नकली शराब के संगठित नेटवर्क मामले में फरार चल रहे आरोपी सुभाष चंद्र पटेल को कोतरारोड़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उसके जोरापाली स्थित फार्म हाउस से दबिश देकर पकड़ा गया।
गौरतलब है कि 8 जून को रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर में कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में नकली शराब, स्प्रिट, ढक्कन, खाली बोतलें और पैकेजिंग सामग्री बरामद कर एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया था। इस कार्रवाई में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ था, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य फरार हो गए थे।
फार्म हाउस में छिपा था आरोपी
फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सुभाष पटेल अपने फार्म हाउस में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शील सिंह आदित्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
नकली शराब तैयार करने का सामान बरामद
पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने फार्म हाउस से गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम के बर्तन और बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें बरामद की हैं। जांच में सामने आया कि इन सामग्रियों का उपयोग नकली शराब तैयार करने और उसे बाजार में खपाने के लिए किया जाता था।
कोचियों के जरिए खपाई जाती थी नकली शराब
प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह नकली होलोग्राम और लेबल लगाकर शराब को ब्रांडेड उत्पाद की तरह तैयार करता था और फिर स्थानीय स्तर पर कोचियों के माध्यम से उसकी बिक्री कराता था। इससे लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था।
एक और आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी सुभाष पटेल को संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी विनय ठाकुर की तलाश जारी है और पुलिस को जल्द उसकी गिरफ्तारी की उम्मीद है।

