ऑपरेशन प्रहार’ में बड़ी कार्रवाई: 20 टन संदिग्ध लोहे का स्क्रैप जब्त, 9 लाख से अधिक का माल बरामद

रायगढ़: रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे लोहे के स्क्रैप को जब्त किया है। पुलिस ने करीब 20 टन 700 किलोग्राम लोहे का कबाड़ बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 9.22 लाख रुपये बताई जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में कबाड़ के अवैध कारोबार और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुसौर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सरिया-सारंगढ़ मार्ग से एक ट्रक में बड़ी मात्रा में संदिग्ध लोहे का स्क्रैप रायगढ़ की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूरजगढ़ पुल के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लदा मिला।

दस्तावेज मांगने पर नहीं दे सका जवाब

पुलिस पूछताछ में चालक रामा विश्वकर्मा (38 वर्ष) ने ट्रक में लोहे का स्क्रैप होने की जानकारी दी, लेकिन जब परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया तो वह कोई प्रमाण उपलब्ध नहीं करा सका। दस्तावेजों के अभाव और सामग्री की वैधता संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने कबाड़ और वाहन को जब्त कर लिया।

कबाड़ कारोबार की जांच तेज

पुलिस का मानना है कि कबाड़ की आड़ में चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त और परिवहन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी कारण मामले की गहन जांच की जा रही है और स्क्रैप के स्रोत तथा इसके वास्तविक मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है।

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी के माल की खरीद-बिक्री और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *