शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो पत्नी पर बरसाए डंडे, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़: महिला संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देशों के तहत घरघोड़ा पुलिस ने पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपनी पत्नी के सिर और हाथों पर बांस के डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी इंद्रजीत राठिया (32 वर्ष) निवासी ग्राम देवगढ़ बाजारपारा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ ने 21 जून की दोपहर अपनी पत्नी सत्यवती राठिया, जो आंगनबाड़ी सहायिका हैं, से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी आगबबूला हो गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।

इसके बाद आरोपी ने बांस के डंडे से पत्नी के सिर और दोनों हाथों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी जब्त कर लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है। एसएसपी ने स्पष्ट कहा है कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, घरेलू अत्याचार और उत्पीड़न के मामलों में किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *