जिलेभर में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, बैंक, ज्वेलरी शोरूम और लॉज की सुरक्षा व्यवस्था परखी
कोरिया/बैकुंठपुर: कोरिया जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने बैंक, ज्वेलरी प्रतिष्ठानों और लॉज/होटलों में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों की जांच के साथ संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे एवं सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया गया।
बैंकों और ज्वेलरी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न बैंकों में पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्ड की उपलब्धता और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। साथ ही बैंक परिसरों में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
वहीं ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और सतर्क रहने की सलाह दी गई।
लॉज और होटलों में किया गया सत्यापन
पुलिस ने जिले के विभिन्न लॉज और होटलों में ठहरे लोगों का सत्यापन किया। इस दौरान आगंतुक रजिस्टर की जांच की गई और पहचान संबंधी दस्तावेजों का मिलान किया गया।
होटल एवं लॉज संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराया जाए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना को देने को कहा गया।
अपराध रोकथाम के लिए अभियान रहेगा जारी
जिला पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

