FAITH Conclave 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन की दमदार प्रस्तुति, निवेश और पर्यटन संभावनाओं ने खींचा विशेषज्ञों का ध्यान
रायपुर: देश के पर्यटन और हॉस्पिटेलिटी क्षेत्र के प्रतिष्ठित आयोजन FAITH Conclave 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराते हुए राज्य की पर्यटन क्षमता और निवेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रमुखता से प्रस्तुत किया। नई दिल्ली के होटल ताज में आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश से जुड़े पर्यटन विशेषज्ञों, ट्रैवल एजेंसियों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न राज्यों के पर्यटन विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
छत्तीसगढ़ की पर्यटन क्षमता पर विशेष चर्चा
सम्मेलन के दौरान आयोजित विशेष पैनल चर्चा में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा और प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने राज्य की पर्यटन संभावनाओं पर विस्तार से अपने विचार साझा किए।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, धार्मिक और पुरातात्विक धरोहर, इको-टूरिज्म तथा एडवेंचर टूरिज्म जैसी विविध खूबियों के कारण देश के उभरते पर्यटन स्थलों में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।
निवेश और रोजगार के नए अवसरों पर जोर
पैनल चर्चा के दौरान पर्यटन क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं, पर्यटन अधोसंरचना के विकास और रोजगार सृजन जैसे विषयों पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। इस अवसर पर मौजूद ट्रैवल एजेंटों, पर्यटन विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ भ्रमण के लिए आमंत्रित किया गया तथा राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों की विशेषताओं से अवगत कराया गया।
राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की दिशा में प्रयास
छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे राष्ट्रीय मंचों पर भागीदारी से न केवल छत्तीसगढ़ की पहचान मजबूत होगी, बल्कि पर्यटन निवेश, पर्यटकों की संख्या और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
पर्यटन मानचित्र पर मजबूत होती छत्तीसगढ़ की पहचान
FAITH Conclave 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड की सक्रिय भागीदारी को राज्य के पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ-साथ पर्यटन उद्योग को भी नई गति मिलेगी।

