रायगढ़ वार्ड क्र. 26 में बनेगा नया सामुदायिक भवन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया भूमिपूजन
रायगढ़: रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 26 में सामुदायिक भवन निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने आज विधिवत भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह भवन आने वाले समय में सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सामुदायिक भवन बनने से स्थानीय लोगों को बैठकें, पारिवारिक कार्यक्रम, सामाजिक आयोजन और अन्य गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को गति दे रही है। जनसुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार नए विकास कार्यों को स्वीकृति दी जा रही है, जिससे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि रायगढ़ के विकास को नई दिशा देने के लिए विभिन्न योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। शहर की आवश्यकताओं और नागरिकों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, वार्ड के नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। भूमिपूजन के दौरान लोगों ने क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर संतोष व्यक्त किया।
इसे भी पढ़ें👇
जनसेवा और सुशासन के प्रतीक योगी आदित्यनाथ का आज जन्मदिन, प्रदेशभर में शुभकामनाओं की लहर

