ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 300 किलो गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
रायगढ़: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की खेप को जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में गांजा के अलावा दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से बड़ी मात्रा में गांजा मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले भेजे जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में तत्काल नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान लैलूंगा क्षेत्र के कटकलिया मार्ग पर दो संदिग्ध चारपहिया वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। इनमें एक इनोवा क्रिस्टा और एक मारुति सुजुकी XL-6 शामिल थी। पुलिस को इनोवा वाहन में दोहरी नंबर प्लेट लगी मिली, जिससे संदेह और गहरा गया। इसके बाद दोनों वाहनों की विस्तृत जांच की गई।
तलाशी के दौरान वाहनों से कुल लगभग 300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक आकलन के अनुसार जब्त गांजा की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा, मारुति सुजुकी XL-6 तथा पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि गांजे की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले तक पहुंचाई जानी थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि यह केवल तस्करी श्रृंखला की एक कड़ी है। मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए विशेष टीमों को मध्यप्रदेश और सरगुजा क्षेत्र में रवाना किया गया है। जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- निखिल कश्यप (23 वर्ष), जिला बलरामपुर
- रिंकु कश्यप (28 वर्ष), जिला सरगुजा
- धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (27 वर्ष), जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)
जब्त सामग्री
- 300 किलोग्राम गांजा
- इनोवा क्रिस्टा कार
- मारुति सुजुकी XL-6 कार
- 5 मोबाइल फोन
कुल जब्ती
लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये
इसे भी पढ़ें👇
भारतीय टी20 टीम में बड़ा बदलाव! सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर बन सकते हैं नए कप्तान
रायगढ़ वार्ड क्र. 26 में बनेगा नया सामुदायिक भवन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया भूमिपूजन

