ऑपरेशन प्रहार: 20.25 लाख का संदिग्ध स्क्रैप लदा ट्रक जब्त, बिना दस्तावेज 7.5 टन कबाड़ ले जा रहा चालक गिरफ्तार
रायगढ़: जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 20.25 लाख रुपये मूल्य का संदिग्ध लोहे का स्क्रैप और उसे ले जा रहे 12 चक्का ट्रक को जब्त किया है। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध स्क्रैप कारोबार और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 30 जून को पूंजीपथरा पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक में लगभग 7.5 टन लोहे का स्क्रैप मिला।
जांच के दौरान चालक से स्क्रैप के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेजों के अभाव और माल के संदिग्ध होने पर पुलिस ने ट्रक सहित पूरे स्क्रैप को जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 8.25 लाख रुपये तथा परिवहन में प्रयुक्त 12 चक्का टाटा ट्रक की कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल जब्ती की कीमत 20.25 लाख रुपये है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक सुलतान खान (58 वर्ष) निवासी आजाद मोहल्ला, कुनकुरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब स्क्रैप के स्रोत, स्वामित्व और उसके परिवहन के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। यदि जांच में स्क्रैप चोरी का पाया जाता है तो मामले में अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त और ऐसे संगठित नेटवर्क के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

