26 घंटे की घेराबंदी के बाद पुलिस को बड़ी सफलता, ओडिशा से राजस्थान जा रहे ट्रेलर से 209 किलो गांजा जब्त
सक्ती: जिले की फगुरम चौकी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रेलर से 209 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया है। मामले में राजस्थान निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। जब्त गांजा की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा की बड़ी खेप ट्रेलर के जरिए राजस्थान ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली के नेतृत्व में टीम ने बोडासागर के पास खरसिया-डभरा मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदिग्ध टाटा सिगना ट्रेलर को रोककर तलाशी ली गई। ट्रेलर में रखी प्लास्टिक की बोरियों से गांजा के पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने कुल 209 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.04 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा ट्रेलर, उसमें लदा फ्लोर्सपार पाउडर और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 1.66 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सक्ती पुलिस के अनुसार, तस्करों की धरपकड़ के लिए करीब 26 घंटे तक लगातार चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

