अवैध अप्रवासियों के खिलाफ सघन जांच अभियान, किराएदारों और औद्योगिक इकाइयों की हो रही जांच

रायगढ़: राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से रायगढ़ जिले में रविवार को अवैध अप्रवासियों (Illegal Immigrants) की पहचान और सत्यापन के लिए विशेष सघन अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने किराए के मकानों, श्रमिक बस्तियों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा बाहरी राज्यों और विदेशी नागरिकों के संभावित निवास स्थलों पर व्यापक जांच की।

पूरे जिले में एक साथ चला सत्यापन अभियान

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अभियान के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके मार्गदर्शन में सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे स्थानों की पहचान की, जहां बड़ी संख्या में किराएदार, प्रवासी श्रमिक या बाहरी राज्यों के लोग निवास करते हैं।

जांच के दौरान पुलिस टीमों ने आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया। साथ ही निवासियों की जानकारी स्थानीय रिकॉर्ड से भी मिलाई गई।

औद्योगिक इकाइयों में विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की भी जांच

अभियान के तहत जिले के विभिन्न उद्योगों और प्लांटों में कार्यरत विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट, वीजा और अन्य वैध दस्तावेजों की भी जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने उद्योग प्रबंधन को स्पष्ट किया है कि बिना पुलिस सत्यापन और वैध दस्तावेजों के किसी भी विदेशी या बाहरी व्यक्ति को रोजगार न दिया जाए।

यदि जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित उद्योग, संस्था या जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मकान मालिक और ठेकेदार भी रहें सतर्क

रायगढ़ पुलिस ने मकान मालिकों, उद्योग संचालकों, ठेकेदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किराएदारों और कार्यरत कर्मचारियों का समय पर पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। इससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई करना आसान होगा।

संदिग्ध विदेशी नागरिक की सूचना देने की अपील

पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में कोई विदेशी नागरिक संदिग्ध परिस्थितियों में रह रहा हो या उसके दस्तावेजों को लेकर संदेह हो तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम थाना, पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112 या राज्य हेल्पलाइन 1800-233-1905 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *