रायगढ़: 24 घंटे में संत माईकेल स्कूल चोरी का खुलासा, 6 आरोपी और 2 कबाड़ी गिरफ्तार

रायगढ़: रायगढ़ शहर के रामभांठा स्थित निर्माणाधीन संत माईकेल इंग्लिश मीडियम स्कूल में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। कोतवाली थाना पुलिस ने इस कार्रवाई में चोरी की वारदात में शामिल 6 आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले 2 कबाड़ियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालक भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

निर्माणाधीन स्कूल से लाखों की सामग्री चोरी

पुलिस के अनुसार, स्कूल भवन से बिजली की वायरिंग, प्लम्बिंग सामग्री, पेंटिंग का सामान, तड़ित चालक (Lightning Conductor) सहित अन्य निर्माण सामग्री चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

नाबालिग से पूछताछ में खुला पूरा राज

जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी राहिल एक्का और दो अन्य अपचारी बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए नए बिजली के तारों को सुनसान स्थान पर जलाकर उनमें से तांबा निकाला गया और बाद में स्कूटी से ले जाकर कबाड़ियों को बेच दिया।

पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान की। इस दौरान फरार चल रहे अनुज टंडन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

स्कूटी, जले हुए तार और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी से जुड़ी सामग्री, जले हुए तार, स्कूटी तथा बिक्री से प्राप्त नकदी बरामद की है। मामले में चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ियों को भी गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपी

  • राहिल एक्का (19), निवासी जवाहर नगर, रामभांठा, रायगढ़
  • विजय बंजारे (45), निवासी जय स्तंभ, रामभांठा, रायगढ़
  • आशिक रब्बानी (44), निवासी दानीपारा, रायगढ़
  • प्रकाश चौहान (31), निवासी इंदिरानगर, गंगाराम तालाब, रायगढ़
  • अनुज टंडन (41), निवासी रामभांठा, रायगढ़
  • तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालक

पुलिस का संदेश

रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। चोरी, लूट और अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *