विश्व रक्तदाता दिवस पर बस्तर में महा रक्तदान अभियान, जिला से लेकर वनांचल तक लगेंगे विशेष शिविर
जगदलपुर: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर बस्तर जिले में इस वर्ष बड़े स्तर पर स्वैच्छिक रक्तदान अभियान चलाया जाएगा। 14 जून को आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान के तहत जिला मुख्यालय से लेकर दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे, ताकि जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराया जा सके और लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा जगदलपुर के समन्वय में आयोजित इस अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी प्रमुख चिकित्सा अधिकारियों और खंड चिकित्सा अधिकारियों को समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
युवाओं को रक्तदान के लिए किया जाएगा प्रेरित
अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को इस मानवीय कार्य से जोड़ना है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि स्वैच्छिक रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। इसके साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच जैसे कई लाभ भी रक्तदाताओं को प्राप्त होते हैं।
जिलेभर में होंगे विशेष शिविर
विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला स्तरीय रक्तदान शिविर डिमरापाल मेडिकल कॉलेज और महारानी अस्पताल, जगदलपुर में आयोजित किए जाएंगे। वहीं ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक अभियान को पहुंचाने के लिए बस्तर, बकावंड, दरभा, तोकापाल, लोहंडीगुड़ा, नानगुर और बड़ेकिलेपाल सहित विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
रक्तदान को जनआंदोलन बनाने की पहल
रेडक्रॉस सोसायटी और स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य रक्तदान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जनभागीदारी का अभियान बनाना है। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी जोड़ा जा रहा है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे आगे आकर रक्तदान करें और मानव जीवन बचाने की इस मुहिम में अपनी सहभागिता निभाएं। अभियान का संदेश है— “सुरक्षित रक्त, सुरक्षित जीवन” और “रक्तदान करें, स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें।”

