आर्मी हॉस्पिटल (आर एंड आर) में कैंसर इलाज के लिए अत्याधुनिक रेडियोथेरेपी मशीन शुरू
नई दिल्ली : देश के प्रमुख सैन्य चिकित्सा संस्थान आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) में कैंसर मरीजों के इलाज को और बेहतर बनाने के लिए आधुनिक रेडियोथेरेपी तकनीक की शुरुआत की गई है। अस्पताल में रिंग गैन्ट्री आधारित अत्याधुनिक लीनियर एक्सीलरेटर मशीन का उद्घाटन किया गया।
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में शुरू की गई यह नई सुविधा सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को उन्नत कैंसर उपचार उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी। इसके जरिए अस्पताल में मरीजों के इलाज की क्षमता भी बढ़ेगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार नई मशीन आधुनिक रेडियोथेरेपी तकनीकों जैसे IMRT, IGRT, VMAT और स्टीरियोटैक्टिक रेडियोसर्जरी से लैस है। इसकी मदद से कैंसर प्रभावित हिस्से पर सटीक तरीके से रेडिएशन दिया जा सकेगा, जिससे आसपास के सामान्य ऊतकों को कम नुकसान पहुंचेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इससे मरीजों को ज्यादा सुरक्षित और प्रभावी उपचार मिलेगा। यह कदम सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (AFMS) के तहत कैंसर उपचार सुविधाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम में डीजी एएफएमएस सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन, आर्मी हॉस्पिटल (आर एंड आर) के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल अविनाश दास समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
📰 Vande Bharat News
“देश की सच्ची खबर”

