उत्तराखंड को मिली नई रेल सौगात: रामनगर-देहरादून के बीच पहली सीधी एक्सप्रेस ट्रेन शुरू, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी
नई दिल्ली/देहरादून : उत्तराखंड के रेल नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस की पहली सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही पहली बार रामनगर और देहरादून के बीच सीधी एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू हो गई है।
इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।
कुमाऊं और गढ़वाल के बीच बढ़ेगी रेल कनेक्टिविटी
नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने से उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है। लंबे समय से इस रेल सेवा की मांग की जा रही थी। इससे आम यात्रियों के साथ-साथ छात्र, व्यापारी, किसान और नौकरीपेशा लोगों को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।
सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार यह एक्सप्रेस ट्रेन हर बुधवार और शुक्रवार संचालित होगी।
- ट्रेन संख्या 15310 रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी।
- ट्रेन संख्या 15309 देहरादून से दोपहर 3:55 बजे प्रस्थान कर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
यात्रियों को मिलेंगी कई श्रेणियों की सुविधाएं
इस ट्रेन में यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एसी सेकेंड क्लास, एसी थर्ड क्लास, एसी चेयर कार, स्लीपर क्लास, सेकेंड सिटिंग और जनरल कोच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
पर्यटन और धार्मिक यात्रा को मिलेगा बढ़ावा
नई रेल सेवा से जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, गिरिजा देवी मंदिर, सीतावनी क्षेत्र जैसे पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही हरिद्वार और देहरादून से आगे बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
ऋषिकेश बनेगा फीडर रेलवे स्टेशन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उत्तराखंड में बढ़ती रेल यातायात क्षमता को देखते हुए ऋषिकेश रेलवे स्टेशन को फीडर स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, जिससे हरिद्वार पर दबाव कम होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि राज्य में देहरादून, हरिद्वार, काशीपुर, काठगोदाम, रामनगर, टनकपुर, रुड़की, लालकुआं सहित 11 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य तेजी से चल रहा है।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह परियोजना उत्तराखंड के सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक और पर्यटन विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड को रेलवे के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट मिला है, जबकि राज्य में 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
पूरी खबर पढ़ें👇
गुरुग्राम में बड़ा ट्रैफिक संकट: NH-48 पर टूटी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन, 5 किलोमीटर लंबा जाम

