विश्व पर्यावरण दिवस पर शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
राजनांदगांव : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय, राजनांदगांव में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित वातावरण के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
इस दौरान महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा स्वच्छता के महत्व पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रवि सिन्हा ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निर्मला उमरे ने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने में है।
कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति के सदस्य, प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।

